मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के नीम बीच के पास नदी में नहाते समय दिल्ली निवासी 20 वर्षीय सौरभ शर्मा तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू की।

जानकारी के अनुसार, सौरभ शर्मा अपने दोस्त के साथ नीम बीच से आगे घूमने गया था। इसी दौरान दोनों नदी में नहाने लगे। नहाते समय सौरभ गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने के बाद लापता हो गया।

एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की गई, लेकिन तेज बहाव के कारण अभी तक सौरभ का पता नहीं चल सका है।

फिलहाल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।