औली में भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास के 22वें संस्करण का मंगलवार को उद्घाटन हुआ। विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित समारोह में दोनों देशों के 600-600 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं।

अभ्यास का आयोजन औली के साथ राजस्थान की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भी किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्वतीय और अर्धपर्वतीय क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियानों के लिए दोनों सेनाओं की क्षमता और आपसी तालमेल को मजबूत करना है। अभ्यास में पैदल सेना आधारित अभियानों पर विशेष जोर रहेगा।

इस दौरान दोनों देशों की सेनाएं रणनीति, तकनीक और संचालन प्रक्रियाओं को साझा करेंगी। संयुक्त योजना और अभियान के जरिए आपसी अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के साथ चुनौतीपूर्ण इलाकों में समन्वित सैन्य अभियानों का अभ्यास किया जाएगा।

अभ्यास में ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल निगरानी और टोही अभियानों में किया जाएगा। वहीं, महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी होगा।