नेपाल से केदारनाथ तक पैदल यात्रा पर निकले 5 युवा, प्रेम, आस्था और संकल्प की मिसाल
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देवप्रयाग : जब इरादे मजबूत हों, तो पहाड़ भी रास्ता दे ही देते हैं। यह साबित कर दिखाया है नेपाल के पाल्पा जिले के छोटे से गांव देवगिरी से निकले 5 युवाओं ने, जो भारत-नेपाल की दोस्ती व आस्था का संदेश लेकर 480 किलोमीटर पैदल चलकर देवप्रयाग में पहुंचे हैं। अब इनका अगला पड़ाव है—केदारनाथ है।
राजा विश्वकर्मा (27), लालू (24), प्रयास सुनार (25), सूरज रतन (26) व सूर्य बहादुर (28)—इन युवाओं ने हाथों में भारत व नेपाल का झंडा, पैरों में साधारण चप्पलें व दिल में अडिग विश्वास लेकर यह यात्रा 18 मार्च को शुरू की थी। उनके पास केवल 5 किलो का बैग ही था, जिसमें एक जोड़ी कपड़े, पानी की बोतल व फर्स्ट एड किट थी।
इन युवाओं ने बताया कि उनका यह सफर धर्म, दोस्ती व दो देशों के बीच प्रेम का प्रतीक भी है। यात्रा के दौरान उन्होंने तेज बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्ते, जंगली इलाकों व थकावट जैसी चुनौतियों का सामना भी किया, लेकिन उनके हौसले कभी नहीं डगमगाए।
राजा विश्वकर्मा ने भावुक होकर कहा, “जब भारत में लोगों ने हमें गले लगाकर भाई कहा, तो सारी थकान ही दूर हो गई।”
वहीं प्रयास सुनार ने कहा, “हमारा सपना है कि हम केदारनाथ पहुंचकर दोनों देशों के झंडे वहां लहराएं और यह संदेश दें कि कुछ भी असंभव नहीं होता।”
अब ये पांचों युवा देवप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुके हैं, और उनका यह सफर न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी है।




