ऋषिकेश में निर्माणाधीन बजरंग सेतु से गिरा पर्यटक, गंगा में लापता | सर्च ऑपरेशन जारी
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

ऋषिकेश | उत्तराखंड के ऋषिकेश में निर्माणाधीन कांच के पुल ‘बजरंग सेतु’ पर एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से आए एक पर्यटक पुल के अधूरे हिस्से से सीधे गंगा नदी में गिर गया, जिसके बाद से वह लापता है। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, हेमंत सोनी (31 वर्ष), निवासी दिल्ली, अपने दोस्तों अमित सोनी और अक्षत सेठ के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। तीनों देर रात लक्ष्मण झूला क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन बजरंग सेतु पर घूमने निकल गए। यह हादसा उस समय हुआ जब वे पुल के उस हिस्से में पहुंच गए, जहाँ अभी तक कांच का पाथ (ग्लास स्लैब) नहीं लगाया गया है। रात के अंधेरे में अधूरे हिस्से का अंदाज़ा नहीं लगने के कारण, हेमंत संतुलन खो बैठा और सीधे गंगा में जा गिरा। घटना के तुरंत बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, अंधेरा होने के चलते पहले दिन खोज में सफलता नहीं मिली।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार:
“गंगा में लापता पर्यटक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। टीम लगातार नदी में खोजबीन कर रही है।”
थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया:
“घटना की जानकारी परिवार को दे दी गई है। परिजन दिल्ली से ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं।”
गौरतलब है कि यह हादसा बजरंग सेतु पर हुआ है, जो लक्ष्मण झूला के समानांतर निर्माणाधीन है। यह देश का पहला पूरी तरह पारदर्शी कांच का फुटपाथ वाला पुल होगा। पुल की लंबाई 132 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर होगी। दोनों ओर 65 मिमी मोटे कांच के फुटपाथ बनाए जा रहे हैं, जिससे यह पुल रोमांच और आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह सेतु टिहरी और पौड़ी जिलों को जोड़ने का कार्य करेगा और इसे आने वाले समय में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस घटना ने निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुल का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, तब उस पर आवाजाही पूरी तरह रोकी जानी चाहिए थी। यह हादसा सावधानी और निगरानी की कमी का परिणाम बताया जा रहा है।




