मसूरी विंटर लाइन कार्निवल इस बार समर्पित होगा ‘पहाड़ी गांधी’ इंद्रमणि बडोनी को, 24 दिसंबर से होगा भव्य आयोजन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

मसूरी : पहाड़ों की रानी मसूरी एक बार फिर सर्दियों के मौसम में विंटर लाइन कार्निवल की रंगीनियों से सजने को तैयार है। लेकिन इस बार यह आयोजन न सिर्फ मनोरंजन का केंद्र होगा, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक चेतना को भी समर्पित रहेगा। आगामी कार्निवल को ‘पहाड़ी गांधी’ स्व. इंद्रमणि बडोनी जी को समर्पित किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत 24 दिसंबर 2025 को बडोनी जी की 100वीं जयंती पर भव्य रूप से की जाएगी। एसडीएम मसूरी राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, होटल व्यवसायी, व्यापार मंडल, स्थानीय कलाकार, और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने बैठक में यह सुझाव रखा कि कार्निवल को इंद्रमणि बडोनी जी को समर्पित किया जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। कार्निवल की शुरुआत एक शोभायात्रा, इंद्रमणि बडोनी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री और नाट्य प्रस्तुति से की जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उत्तराखंड के इस महान जननेता और आंदोलनकारी की विचारधारा व योगदान से अवगत कराना है। पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि आयोजन पूरी तरह से स्थानीय कलाकारों और उत्तराखंडी संस्कृति पर केंद्रित हो। उन्होंने मांग की कि स्थानीय कलाकारों के लिए विशेष मंच निर्धारित किया जाए, जहाँ वे अपनी लोक कलाओं, संगीत, नृत्य और पारंपरिक विरासत को प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी आयोजन में स्थान मिले ताकि उनकी प्रतिभा को भी पहचान मिल सके। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि कार्निवल की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और फंड की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जा रही है ताकि आयोजन में कोई रुकावट न हो। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार सिर्फ मसूरी ही नहीं, बल्कि झड़ीपानी, हैप्पी वैली और लंढौर बाजार जैसे आसपास के क्षेत्रों को भी कार्यक्रमों और सजावट में शामिल किया जाएगा।
“इस बार पर्यटक सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि मसूरी की गहराई में रची-बसी संस्कृति और इतिहास से भी रूबरू होंगे।” – एसडीएम राहुल आनंद




