कुछ मुलाकातें जीवनभर की याद बन जाती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से इसी साल मई में हुई मुलाकात अब उनकी आखिरी मुलाकात बन गई है। उस समय योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद लखनऊ लौट गए थे।
योगी आदित्यनाथ की मां से आखिरी मुलाकात 9 मई को हुई थी। वह 7 मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। शुक्रवार को उन्होंने पंचूर गांव में विष्णु पंचदेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और महायज्ञ में भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद शाम करीब पौने पांच बजे वह अपने पैतृक आवास पहुंचे थे।
यहां उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही बहनों और अन्य नाते-रिश्तेदारों से भी मुलाकात की। इस दौरान परिवार और ग्रामीणों ने उन्हें भावुक माहौल में विदाई दी। इसके बाद योगी आदित्यनाथ बिथ्याणी स्थित महाविद्यालय पहुंचे।
महाविद्यालय में उन्होंने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही अपने दिवंगत पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मई में मां और बेटे के बीच हुई यह मुलाकात अब आखिरी मुलाकात बन गई है। मां के स्नेह और आशीर्वाद से जुड़ी ये यादें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के लिए हमेशा संजोकर रखने वाली स्मृतियां रहेंगी।
