प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के लिए एसएचएसआरसी का गठन, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
कहा, विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करने को दिये निर्देश, स्वास्थ्य विभाग के लिये रणनीति बनायेगा एसएचएसआरसीः डॉ. धन सिंह रावत
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने स्टेट हेल्थ सिस्टम्स रिसोर्स सेंटर (एसएचएसआरसी) का गठन किया है। एसएचएसआरसी का मुख्य उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस रणनीतियाँ बनाना है, बल्कि यह तकनीकी सहयोग भी प्रदान करेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चिकित्सा स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एक बयान में बताया कि भारत सरकार की तर्ज पर प्रदेश में एसएचएसआरसी का गठन किया गया है, जो स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार, पारदर्शिता, गुणवत्ता सुधार और वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करेगा। इसके अलावा, एसएचएसआरसी प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की सुगमता बढ़ाने के साथ-साथ प्रशिक्षण, कौशल विकास, रिपोर्टिंग और फीडबैक प्रणाली को भी विकसित करेगा।
डॉ. रावत ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षा के लिए एसएचएसआरसी समय-समय पर प्रोटोकॉल तैयार करेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, जिला और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य इकाइयों की चुनौतियों का मूल्यांकन कर हर माह विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें सुझाव भी दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना, मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, और टीबी उन्मूलन जैसी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने में एसएचएसआरसी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और मिशन निदेशक एनएचएम के उच्चाधिकारियों को एसएचएसआरसी के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश के सार्वजनिक स्वास्थ्य लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी प्रदान की जा सकें।




