चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूची जारी की, जिसमें कुल 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा का नाम पहली सूची में नहीं

पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम शामिल है, जबकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा तथा वित्त मंत्री हरपाल चीमा को फिलहाल टिकट नहीं दिया गया है।

बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, खेमकरण से सरवण सिंह धुन, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह घुमन और उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल को उम्मीदवार बनाया गया है।

होशियारपुर से ब्रह्मशंकर जिंपा, चब्बेवाल से इंशाक कुमार चब्बेवाल, गढ़शंकर से जयकिशन सिंह रोड़ी, बलाचौर से संतोष कटारिया, रूपनगर से दिनेश चड्ढा, मोहाली से कुलवंत सिंह और फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय चुनाव मैदान में उतरेंगे।

जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट

अमलोह से गुरिंदर सिंह गैरी, समराला से जगतार सिंह दयालपुरा, लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्मनगर से कुलवंत सिंह संधू, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया गया है। लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा और पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को टिकट दिया गया है।

इसके अलावा निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर, बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा, धर्मकोट से दविंदर जीत सिंह लाड़ी, जलालाबाद से जगदीप गोल्डी कंबोज, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह सवाना, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां, जैतो से अमोलक सिंह, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महलकलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जनमाजरा और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

सर्वे के आधार पर टिकट देने का दावा

उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पार्टी ने सर्वे के आधार पर टिकटों का वितरण किया है। जिन उम्मीदवारों के पक्ष में लोगों ने विश्वास जताया, उन्हें चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए दोबारा जीतकर आने की उम्मीद जताई। मान ने कहा कि पार्टी में नए चेहरों को भी मौका दिया जाएगा और हर नेता को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के विकास कार्य नहीं होने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का कोई गांव ऐसा नहीं है, जहां विकास कार्य नहीं हुए हों। उनके मुताबिक, थापर और सीचेवाल मॉडल के तहत गांवों में काम कराया गया है। युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं और स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाने का आरोप भी लगाया।

भगवंत मान ने कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा पहले करने से प्रत्याशियों को जनता के बीच जाने और पार्टी की नीतियों के साथ सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने का पर्याप्त समय मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस पर आखिरी समय तक उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाने और पार्टी में बगावत के डर का भी आरोप लगाया।

शिअद-भाजपा गठबंधन पर भगवंत मान का तंज

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जीरो में जीरो जोड़ने या घटाने से नतीजा जीरो ही रहता है। उनके मुताबिक, शिअद और भाजपा दोनों जीरो हैं और दोनों दल साथ आते हैं तो भी चुनावी नतीजा नहीं बदलेगा।

मान ने गठबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर भाजपा नेता अमित शाह और अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया एक मंच पर दिखाई देंगे?

चुनावी संगठन को सक्रिय करने की तैयारी

उम्मीदवारों के चयन के साथ ही आम आदमी पार्टी ने चुनावी संगठन को सक्रिय करने की रणनीति भी बनाई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। ये इंचार्ज सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पार्टी के कामकाज को लेकर लोगों से फीडबैक जुटाकर नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।

वहीं, एक नवंबर से महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को सक्रिय किया जाएगा।