दीपावली पर स्वदेशी अपनाओ: खटीमा में सीएम धामी ने मिट्टी के दीये खरीदकर दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

खटीमा – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार देर शाम अपने चंपावत दौरे के बाद गृहक्षेत्र खटीमा पहुंचे। खटीमा पहुंचते ही सीएम धामी ने अपने काफिले को सड़क पर रोककर स्थानीय कुम्हार की दुकान से दीपावली के लिए मिट्टी के दीये, मूर्तियां और गमले खरीदे। इस दौरान उन्होंने कुम्हार परिवार को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने सामान की खरीदारी के लिए UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया पहल को भी बढ़ावा दिया। सीएम का यह कदम पीएम मोदी द्वारा किए गए स्वदेशी अपनाने के आह्वान को समर्थन देने वाला है। देशभर में भारतीय जनता पार्टी के नेता और विभिन्न राज्य सरकारें इस संदेश को अपने-अपने तरीके से आम जनमानस तक पहुंचा रहे हैं। लोहिया हेड तिराहा, खटीमा पर स्थित कुम्हार की दुकान पर सीएम धामी के रुकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद मिट्टी के दीये चुनते और स्थानीय लोगों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से त्योहारों पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री मेलाघाट राजमार्ग 107 के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे खटीमा के कंजाबाग तिराहे में लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित तिरंगा लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम धामी इसके उपरांत अपनी विधानसभा क्षेत्र चंपावत के टनकपुर जाएंगे, जहां वे नवनिर्मित कैंप कार्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। टनकपुर के छीनी गोठ में वे “सशक्त बहन उत्सव” कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री लगभग दोपहर 1 बजे टनकपुर स्टेडियम हेलीपैड से काशीपुर, उधम सिंह नगर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह सरल लेकिन प्रेरणादायक कदम न सिर्फ स्थानीय कारीगरों के लिए समर्थन का संदेश देता है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी आंदोलन और डिजिटल भुगतान जैसे अभियानों को भी मजबूती प्रदान करता है।




