देहरादून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए लोगों को फलदार पौधे वितरित किए।

कृषि मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक भी है।

उन्होंने बताया कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा व जैव विविधता को भी बढ़ावा देता है। मंत्री ने प्रदेशवासियों से जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील भी की।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए व धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में निर्मला जोशी, ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी सहित कई लोग भी उपस्थित रहे।