पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव का निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। वह इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।
बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को घटना दिखाई। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
