नारायणबगड़: चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड में क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय से उठाई जा रही 10 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्राम प्रधानों ने नारेबाजी करते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और ग्राम प्रधानों के बीच तीखी बहस भी हुई। ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने नाराज प्रधानों को मनाने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। ग्राम प्रधानों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

नारायणबगड़ विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत यानी बीडीसी बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब ग्राम प्रधान अपनी मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर सदन से बाहर निकल गए। प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह खत्री के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने नारेबाजी करते हुए बैठक का बहिष्कार किया। प्रधानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के साथ प्रधानों की तीखी बहस हुई। वहीं, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कई बार बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन ग्राम प्रधान अपनी मांगों पर अड़े रहे। विरोध कर रहे प्रधानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

ग्राम प्रधानों की 10 सूत्रीय मांगों में मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने और ग्राम पंचायत की खुली बैठकों में शामिल होने वाले वार्ड सदस्यों को मानदेय देने की मांग प्रमुख है। इसके साथ ही मनरेगा में ऑनलाइन हाजिरी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा अकुशल श्रमिकों को 600 रुपये और कुशल श्रमिकों को 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग उठाई गई है।

प्रधानों ने राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त आयोग से ग्राम पंचायतों को मिलने वाली धनराशि बढ़ाने की मांग भी की है। इसके अलावा विधायक और सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि बनाने तथा 10 लाख रुपये तक के विकास कार्य ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराने की मांग रखी गई है।

मांगों में पंचायत राज अधिनियम के तहत 29 विभागों के अधिकार ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करना, जिला योजना में प्रधान संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करना और ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा कराना भी शामिल है।

ग्राम प्रधानों का कहना है कि गांवों के विकास की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है, लेकिन पर्याप्त मानदेय, वित्तीय अधिकार और संसाधन नहीं मिलने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उनका तर्क है कि पंचायतों को अधिक अधिकार और बजट मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सकती है।

ग्राम प्रधानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी 10 सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन ग्राम प्रधानों की मांगों पर क्या कदम उठाता है।