राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा, मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मान समारोह में बड़ा ऐलान
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को शहीद स्थल कचहरी परिसर में राज्य आंदोलनकारी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी। इसके बाद पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों व शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद स्थल और पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण केवल राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि देवभूमि के लाखों लोगों के संघर्ष व बलिदान का परिणाम है। उन्होंने खटीमा, मसूरी व रामपुर तिराहा जैसी घटनाओं को राज्य के इतिहास का अमर अध्याय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और यह सम्मान आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने सहित कई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
- शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्र की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण भी किया जाएगा।
- आंदोलन के दौरान जेल गए या घायल आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रतिमाह की जाएगी।
- अन्य श्रेणी के आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
- पूर्ण रूप से विकलांग आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह की जाएगी और उनकी देखभाल हेतु मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था की जाएगी।
- शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह की जाएगी।
- राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण हेतु लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए छह माह का समय बढ़ाया गया।
- सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य आंदोलन की भावना ही प्रेरणा भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि राज्य स्थापना दिवस पर अपने घरों में पाँच दीपक राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में भी जलाएँ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, जिलाधिकारी सविन बंसल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।




