प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के साथ गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परेशानी उनके सपनों में बाधा न बने।

योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और शासकीय व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को यूपीएससी और राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसके साथ ही सीयूईटी, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, यूजीसी नेट और सीएसआईआर नेट जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

यह योजना खासतौर पर प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और वे घर बैठे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।