गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शक्ति विहार में फोन पर अधिक बात करने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक दंपती ने अपनी पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ मारपीट की। महिला ने मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी दंपती को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है।

शक्ति विहार निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में एक दंपती रहता है। महिला का आरोप है कि दंपती उसके फोन पर अधिक बात करने को लेकर परेशान रहता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। आरोप है कि इसी विवाद के बढ़ने पर दंपती ने महिला के साथ मारपीट की।

वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि महिला का अपने पति के साथ मनमुटाव चल रहा है और वह अकेली रहती है। पड़ोसियों ने महिला पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी दंपती को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।