दीपावली नज़दीक, लेकिन हल्द्वानी की गलियों में पसरा अंधेरा | जनता परेशान, स्ट्रीट लाइटें नदारद
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

हल्द्वानी : जहाँ पूरा शहर दीपावली के दीपों से जगमगाने की तैयारी कर रहा है, वहीं हल्द्वानी के कई इलाकों में अब भी अंधेरा पसरा है। नगर निगम क्षेत्र के कई मुख्य मार्गों और वार्डों में स्ट्रीट लाइटें या तो खराब हैं या केवल दिखावे के लिए लगी हैं। दीपोत्सव के पहले यह स्थिति नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।
मुखानी चौराहा, नवाबी रोड, देवलचौड़, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा जैसे कई व्यस्त और प्रमुख क्षेत्रों में रात के समय पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। लोगों को घर लौटते समय अंधेरे में डर और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर लोग मोबाइल टॉर्च की रोशनी में रास्ता तय करते दिखाई दे जाते हैं।
नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट्स के संचालन का जिम्मा ईईएसएल नामक कंपनी को सौंपा है। हालांकि, निगम द्वारा प्रस्तावित 35,000 स्ट्रीट लाइटों में से अब तक केवल 33,000 लाइटें ही लगाई जा सकी हैं। शेष 2,000 लाइटें दीपावली से पहले लग पाना मुश्किल नजर आ रहा है। वार्ड संख्या 3, 6, 10, 23, 36, 41, 45 और 60 से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि न तो लाइटें लगी हैं और न ही मौजूदा लाइटें काम कर रही हैं। कई स्थानों पर पोल और तारों की कमी के कारण काम अधूरा पड़ा है।
-
जज फार्म (वार्ड 52): ए और जी ब्लॉक की गलियों में अंधेरा पसरा है। यह क्षेत्र रिहायशी है और रात में भी आवाजाही बनी रहती है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को खास दिक्कत हो रही है।
-
कालाढूंगी रोड: सड़क चौड़ी जरूर हो गई है, लेकिन रात 10:30 बजे स्टेट हाइवे पर लाइटें बुझी मिलीं। लावारिस पशु भी परेशानी का कारण बनते हैं।
-
मुखानी चौराहा: रात 9:30 बजे लाइटें खराब मिलीं। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, डेढ़ साल से लाइटें बंद पड़ी हैं।
-
रामपुर रोड व देवलचौड़: पंचायत घर और बिड़ला स्कूल को जाने वाले मार्ग पर भी गहरा अंधेरा रहता है।
-
छड़ायल से आरटीओ रोड: यहां भी स्थिति बेहद खराब है, लाइटें नहीं जलतीं।
नगर निगम ने सरकार से 1,200 पोल और तारों की मांग की है। इसके अलावा पतली गलियों और कॉलोनियों में सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही पोल और तार उपलब्ध होंगे, लाइटें लगवा दी जाएंगी।




