हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में पहली बार निकाली जा रही दंडवत यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है। कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर से शुक्रवार सुबह शुरू हुई यह यात्रा रात तक लगातार जारी रही। देशभर से पहुंचे हजारों महिला और पुरुष श्रद्धालु जमीन पर लेटकर दंडवत करते हुए करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय कर हरकी पैड़ी की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा का क्रम रातभर जारी रहेगा और शनिवार को भी श्रद्धालु दंडवत करते हुए आगे बढ़ेंगे।

नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही इस यात्रा का शुभारंभ दक्षेश्वर मंदिर में भगवान शिव के रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके बाद करौली शंकर महाराज ने यात्रा को रवाना किया। यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु शामिल हैं। महिलाएं और पुरुष सड़क पर लेटकर दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

हरिद्वार में बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नहीं आई। बारिश के बीच भी यात्रा लगातार जारी रही। दक्षेश्वर मंदिर से शुरू हुई यात्रा का मार्ग शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक और अपर बाजार होते हुए हरकी पैड़ी तक निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने इसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई थी। यात्रा पूरी करने के लिए करीब 30 से 35 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में शुक्रवार सुबह शुरू हुई यात्रा शनिवार तक जारी रहेगी।

करौली शंकर महाराज ने बताया कि दंडवत यात्रा का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ भारतीय सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं का प्रचार-प्रसार करना है। इसके माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी उनके द्वारा दंडवत यात्रा निकाली जा चुकी है, जिसे पूरा करने में सात महीने का समय लगा था।

हरिद्वार में निकाली जा रही इस यात्रा के माध्यम से आगामी कुंभ मेले के सफल और निर्विघ्न आयोजन के लिए भी श्रद्धालु प्रार्थना कर रहे हैं। शनिवार को हरकी पैड़ी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की ओर से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद शाम को भव्य गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा की आराधना की जाएगी।

यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आयोजकों की ओर से एक हजार वॉलंटियर तैनात किए गए हैं। ये वॉलंटियर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रखने में सहयोग कर रहे हैं। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में कई साधु-संत भी मौजूद रहे। वहीं, रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।