स्वास्थ्य विभाग को मिले 45 नए विशेषज्ञ डॉक्टर, प्रदेशभर के अस्पतालों में हुई तैनाती
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देहरादून : उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग को 45 नए विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं। ये सभी डॉक्टर पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) कोर्स पूरा कर राज्य सेवा में लौटे हैं। इन्हें राज्य के विभिन्न जनपदों के जिला, उप-जिला और सामुदायिक अस्पतालों में तैनात भी कर दिया गया है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और सुदृढ़ होगी और आम लोगों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी लगातार काम कर रही है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी व पौड़ी जैसे चारधाम मार्ग के जिलों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों को तैनात किया गया है ताकि यात्रियों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकें।
इन क्षेत्रों में मिली तैनाती:
- अल्मोड़ा: 8 डॉक्टर
- नैनीताल और पौड़ी: 6-6 डॉक्टर
- उत्तरकाशी, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़: 3-3 डॉक्टर
- रुद्रप्रयाग, टिहरी, चंपावत, देहरादून: 2-2 डॉक्टर
- हरिद्वार: 1 डॉक्टर
- ऊधमसिंह नगर: 4 डॉक्टर
इनमें सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री और प्रसूति रोग, बाल रोग, ईएनटी, एनेस्थीसिया, फॉरेंसिक मेडिसिन, नेत्र रोग और रेस्पिरेटरी मेडिसिन के विशेषज्ञ शामिल हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं गांव से शहर तक सशक्त और सुलभ हों।




