मानसून की रफ्तार धीमी होते ही मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बारिश कमजोर पड़ने के साथ दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।
बारिश के दौरान जहां मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब धूप की तपिश बढ़ गई है। सुबह से आसमान साफ रहा और दोपहर में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस हुआ। बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोगों को उमस के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में 10 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में गर्जन के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के दौर होने का अनुमान है। 15 सितंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रहने की संभावना है।
राजधानी में सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने से गर्मी बढ़ जाती है। नमी के कारण पसीना और उमस भी परेशान कर रही है। लोगों का कहना है कि सितंबर में मानसून के बीच इस तरह की गर्मी ने एक बार फिर गर्मी का अहसास करा दिया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दौरान बारिश की गतिविधियों में उतार-चढ़ाव सामान्य है। जब बारिश कमजोर पड़ती है तो तापमान का बढ़ना स्वाभाविक है।
