ऊधम सिंह नगर के जसपुर स्थित विश्वनाथ पेपर मिल अब कूड़े से बिजली बनाकर अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी कर सकेगी। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने बिजली कंपनी यूपीसीएल के अड़ंगे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि ग्रीन एनर्जी प्लांट लगाने वाले उपभोक्ताओं पर पुराने नियमों को उसी तरह लागू नहीं किया जा सकता। आयोग ने पेपर मिल का बिजली लोड घटाने और अतिरिक्त सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने के निर्देश दिए हैं।

विश्वनाथ पेपर मिल हर महीने ग्रिड से करीब 25 लाख यूनिट बिजली लेती थी। केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के वेस्ट-टू-एनर्जी कार्यक्रम के तहत कंपनी ने अपने परिसर में 40 टीपीएच का बॉयलर और छह मेगावाट क्षमता का टर्बो-जनरेटर प्लांट स्थापित किया। प्लांट शुरू होने के बाद कंपनी की ग्रिड से बिजली लेने की जरूरत लगभग खत्म हो गई। उसका मासिक बिजली उपभोग करीब 25 लाख यूनिट से घटकर महज 31 हजार यूनिट के आसपास रह गया।

कंपनी ने प्लांट के संचालन से पहले ही 8 सितंबर 2025 को यूपीसीएल को पत्र भेजकर अपना अनुबंधित लोड 4,700 किलोवाट से घटाकर 1,250 किलोवाट करने का अनुरोध किया था। हालांकि, यूपीसीएल ने सप्लाई कोड रेगुलेशन के क्लॉज 4.1.1(12) का हवाला देते हुए लोड घटाने से इनकार कर दिया। यूपीसीएल का तर्क था कि लोड में कमी तभी की जा सकती है, जब आवेदन से पहले के चार महीनों में वास्तविक बिजली खपत कम रही हो। इसके बाद कंपनी ने राहत के लिए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग का रुख किया।

आयोग के अध्यक्ष एमएल प्रसाद, सदस्य विधि अनुराग शर्मा और सदस्य तकनीकी प्रभात किशोर डिमरी की पीठ ने मामले की सुनवाई की। पीठ ने यूपीसीएल के रुख को अनुचित ठहराते हुए स्पष्ट किया कि चार महीने की निगरानी का नियम उन उपभोक्ताओं के लिए है, जो बिल बचाने के लिए बिजली खपत में हेरफेर करते हैं। स्थायी रूप से अपना बिजली उत्पादन संयंत्र स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं को सामान्य श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।

आयोग ने अपनी विशेष शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए माना कि ऐसे मामलों में यूपीसीएल को दो महीने का अग्रिम नोटिस देना पर्याप्त है। आयोग ने यूपीसीएल को विश्वनाथ पेपर मिल का अनुबंधित लोड 4,700 किलोवाट से घटाकर 1,250 किलोवाट करने का निर्देश दिया। यह बदलाव 8 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। साथ ही, पिछली अवधि में वसूले गए फिक्स्ड चार्ज का समायोजन भी करना होगा।

इसके अलावा, आयोग ने यूपीसीएल को पेपर मिल की ओर से जमा करीब 2.48 करोड़ रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट का नए लोड के हिसाब से पुनर्मूल्यांकन करने और अतिरिक्त राशि 15 दिनों के भीतर लौटाने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से कंपनी को बिजली के फिक्स्ड चार्ज और सिक्योरिटी डिपॉजिट के मामले में राहत मिलने की उम्मीद है।