दून मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में देर रात हुड़दंग, छात्रों में विवाद, जांच के लिए कमेटी गठित
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

देहरादून : राजधानी देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में शनिवार देर रात छात्रों ने तेज आवाज में गाने बजाकर जमकर हंगामा किया। रात करीब दो बजे शुरू हुए इस हुड़दंग ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब कुछ छात्रों ने विरोध किया। बात इतनी बढ़ गई कि दो गुटों में विवाद हो गया और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में छात्र-छात्राएं तेज म्यूजिक पर नाचते हुए पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्रों ने परीक्षा पास में होने का हवाला देते हुए म्यूजिक बंद करने को कहा, जिससे दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन ने मौके पर कर्मचारियों को भेजा। लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर शहर कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को फटकार लगाई और अगले दिन कोतवाली में तलब किया।
इस घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र अर्धनग्न अवस्था में नाचते नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नंदन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने जानकारी दी कि विवाद में शामिल सभी छात्रों को रविवार सुबह कोतवाली बुलाया गया और कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
“छात्रावासों में इस तरह की अराजक घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि हॉस्टल में अनुशासन सुनिश्चित किया जाए।”
घटना के दौरान बाहरी लोगों के घुसने की भी सूचना मिली है, जिसके चलते सुरक्षाकर्मियों से जवाब-तलबी की जा रही है। घटना के दौरान एक चिकित्सक के कॉलर को पकड़ने की शर्मनाक घटना भी सामने आई है। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन में गहरा रोष है।
प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि सोमवार को सभी डॉक्टर काली पट्टी बांधकर ओपीडी में मरीजों को देखेंगे, ताकि घटना का शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल संस्थानों में अनुशासन और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि कॉलेज प्रशासन और पुलिस मिलकर क्या ठोस कार्रवाई करती है।



