मसूरी: भाजपा मंडल अध्यक्ष के नाम से फर्जी धमकी भरे ईमेल, शहर में मची सनसनी
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

मसूरी : मसूरी में उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नाम से विभिन्न बैंकों और शिक्षण संस्थानों को धमकी भरे और मानहानिकारक ईमेल भेजे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली मसूरी ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मसूरी स्थित पांच शाखाओं और बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा को भी इसी तरह के फर्जी ईमेल प्राप्त हुए थे। इन मेल्स में लोनधारकों के लोन माफ करने का दबाव बनाते हुए, ऐसा न करने पर बैंक को आग लगाने और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
सोमवार को एक बार फिर मसूरी के कई बैंकों को ईमेल भेजे गए, जिनमें ‘अप्रिय/गैरकानूनी घटनाओं’ की चेतावनी दी गई और एक व्यक्ति पर ₹5 करोड़ की रिश्वत लेने का गंभीर आरोप भी लगाया गया। इस मेल की प्रतियां एसडीएम मसूरी, उच्चतम न्यायालय, और अन्य सरकारी संस्थानों को भी भेजी गई हैं।
फर्जी मेल का सिलसिला यहीं नहीं रुका। मसूरी के प्रतिष्ठित स्कूलों और कॉलेजों को भेजे गए ईमेल में भी धमकी और भय फैलाने वाली भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही कुछ शिक्षण संस्थानों पर धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे शिक्षा जगत में भी चिंता का माहौल है। मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने पूरे घटनाक्रम पर गहरी चिंता जताते हुए कहा,
“कोई असामाजिक तत्व मेरी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। एक हफ्ते में दूसरी बार फर्जी मेल आईडी से बैंकों और स्कूलों को धमकाया गया है। मेरा नाम और पहचान गलत तरीके से प्रयोग हो रहा है। मैं प्रशासन से मांग करता हूँ कि दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए।”
कोतवाली मसूरी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरा मामला साइबर क्राइम सेल को भेजा गया है। उन्होंने कहा,
“पिछली बार भी इसी तरह के मेल विदेश से भेजे गए थे। इस बार भी टेक्निकल ट्रेसिंग के ज़रिए सोर्स का पता लगाया जा रहा है। दोषियों की गिरफ्तारी कर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और संस्थानों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध ईमेल की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।




