टिहरी गढ़वाल के लंबगांव थाना क्षेत्र स्थित खोलगढ़ गांव में हुए केतन लाल हत्याकांड को लेकर सियासत अब तेज हो गई है। उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया।
मदन लाल ने टिहरी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए व पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए। साथ ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की भी मांग उठाई।
कांग्रेस नेता ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कमजोर वर्गों व दलित समाज के लोगों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन व प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
गौरतलब है कि देवल गांव निवासी केतन लाल की हत्या का मामला कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि 7-8 जून की रात वह अपने दोस्त के साथ खोलगढ़ गांव में पहुंचा था, जहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। मामले में पुलिस अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है और जांच भी जारी है।
