पौधों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज साल्ड के विद्यार्थियों ने एक अनूठी पहल शुरू की है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं अब कठपुतली नाटक के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण का महत्व समझाएंगे। इस पहल का नेतृत्व शिक्षक प्रेम सिंह कटारिया (पीएस कटारिया) कर रहे हैं।
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि नाटक में इस्तेमाल होने वाली सभी कठपुतलियां पुराने और बेकार घरेलू सामान से तैयार की गई हैं। इन्हें बाजार से खरीदने के बजाय रचनात्मक तरीके से पुन: उपयोग (रीसाइक्लिंग) कर बनाया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जुड़ा हुआ है।
विद्यालय के 10 विद्यार्थियों की टीम ने वृक्ष गाथा नामक पपेट शो तैयार किया है। इसका पहला मंचन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में होगा। इस प्रस्तुति के जरिए पेड़ों के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।
पीएस कटारिया ने बताया कि कठपुतली कला भारत की समृद्ध लोक परंपरा का हिस्सा रही है, लेकिन समय के साथ इसका प्रचलन कम होता जा रहा है। इसी कारण उन्होंने इस कला को नई पीढ़ी से जोड़ने और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाने का निर्णय लिया। शिक्षकों के सहयोग से पहले विद्यार्थियों को कठपुतली निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया, फिर पर्यावरण विषय पर आधारित नाटक तैयार कराया गया।
इस नाटक का निर्देशन पीएस कटारिया कर रहे हैं, जबकि कक्षा 10 की छात्रा आराधना नेगी सह-निर्देशक की भूमिका निभा रही हैं। टीम में आजाद, प्राची, अर्जुन, अकुंश समेत अन्य विद्यार्थी भी सक्रिय रूप से शामिल हैं।
विद्यालय का लक्ष्य इस नवाचार को जिले से आगे बढ़ाकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। भविष्य में कठपुतली कला के जरिए स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक विषयों पर भी जनजागरूकता अभियान चलाने की योजना है।
विद्यालय के शिक्षक सत्येंद्र नौटियाल के अनुसार, यह पहल विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को एक पारंपरिक कला सीखने का अवसर भी प्रदान करेगी।
