उत्तराखंडराजनीति

राहुल गांधी विदेशों में कर रहे भारत की बदनामी: महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बोस्टन यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान को बताया राष्ट्रविरोधी

देहरादून  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को विदेशों में बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में चुनाव आयोग को लेकर दिए अपने बयान के जरिए न सिर्फ भारत के लोकतंत्र बल्कि पूरी चुनाव प्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

भट्ट ने राहुल गांधी को “देश का अपमान करने वाला सीरियल अपराधी” करार देते हुए कहा कि वे बेल पर बाहर हैं और अपने साथी सैम पित्रोदा के साथ भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करने की मुहिम में जुटे हुए हैं। उन्होंने बोस्टन में दिए गए राहुल के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह देश की छवि धूमिल करने की एक साजिश है।

भट्ट ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी जहां हारते हैं, वहां ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देते हैं, लेकिन जहां जीतते हैं, वहां सब कुछ ठीक हो जाता है। क्या झारखंड में उनकी जीत के समय कोई अलग चुनाव आयोग था?”

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी लगातार देश में अस्थिरता और अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी और सैम पित्रोदा जैसे नेता, जो खुद भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं, अब भारत की साख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाने की साजिश में लगे हुए हैं।

भट्ट ने भरोसा दिलाया कि भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी जो देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की दिशा में हो।

“राहुल गांधी को यह नहीं भूलना चाहिए कि जिस प्रणाली पर वे सवाल उठा रहे हैं, उसी ने उन्हें लोकसभा में नेता बनने का मौका दिया था,” – महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button