नवरात्र और दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के सधीपुर गढ़ी में एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने करीब 10 कुंतल मिलावटी सामग्री नष्ट कराई। इसके साथ ही फैक्टरी को सील कर दिया गया और उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों को नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई चेन तोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा है।

विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर की मध्य रात्रि से 14 अक्टूबर की सुबह तक चली कार्रवाई में फैक्टरी से बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। मौके से तीन कुंतल तैयार पनीर, छह कुंतल अर्धनिर्मित पनीर और 90 किलोग्राम रिफाइंड पामोलिन ऑयल मिला। इसके अलावा पामोलिन ऑयल के खाली और भरे टीन तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर के खाली बोरे भी बरामद किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, इकाई में पामोलिन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल करके एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था। टीम ने मौके पर गड्ढा खुदवाकर करीब 10 कुंतल सामग्री नष्ट करा दी। फैक्टरी मालिक ताजिम, निवासी सधीपुर गढ़ी, के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छापेमारी के दौरान खुले पनीर और पामोलिन ऑयल के दो नमूने भी लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी।