हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह कुलसचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं। वह घायल कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं, जहां उनका मेडिकल कराया जा रहा है। वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल प्रक्रिया के दौरान मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। इसके बाद शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए थे। करीब 15 दिनों से चल रहा यह आंदोलन शुक्रवार रात आपसी समझौते के बाद समाप्त हुआ था।

हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और मारपीट की घटना हो गई। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि कुछ कर्मचारियों ने मारपीट की है, लेकिन वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जाएगी। फिलहाल घायल कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।

वहीं, कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।