रुद्रपुर: सितारगंज हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों हुए हादसों में छह लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती के दावे किए थे। इसी बीच शुक्रवार रात बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।

बताया गया कि रात करीब 10 बजे जब दोनों बाइक से बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल चौहान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने तक उनकी भी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, अक्षय लाल चौहान पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही हुए हादसे में दोनों की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर देने की बात कही गई है।

रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने भी बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सितारगंज हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। हालिया दुर्घटना में मामा-भांजे की मौत के बाद तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस जांच के जरिए हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।