उत्तराखंड सरकार ने संत नीब करौरी बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को प्रोत्साहित करने के लिए एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करने का फैसला लिया है। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य कर विभाग को आदेश जारी किए हैं।
आदेश के मुताबिक प्रदेश के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म के टिकट पर लगने वाले सीजीएसटी और एसजीएसटी में राज्य सरकार की ओर से एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी थी। उनके साथ उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद सीएम धामी ने इसे उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि संत नीब करौरी बाबा का जीवन भक्ति, सेवा, करुणा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है और कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
फिल्म में नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े भक्ति, मानव सेवा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण जैसे मूल्यों को केंद्र में रखा गया है।
