जनगणना के दूसरे चरण में कर्मचारियों की ड्यूटी को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया जारी कर दी गई है। स्वास्थ्य के आधार पर ड्यूटी से छूट मांगने वाले कर्मचारियों के लिए मेडिकल बोर्ड बनाया जाएगा और बोर्ड की सिफारिश के आधार पर ही फैसला होगा।
कर्मचारियों को उनके तैनाती स्थल के सबसे नजदीक ब्लॉक आवंटित किए जाएंगे। वहीं, स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अधिक शिक्षक वाले स्कूलों से प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी में लगाया जाएगा। एकल शिक्षक वाले स्कूलों को ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा। नियमों के मुताबिक कोई भी विभाग जनगणना कार्य के लिए कर्मचारी देने से इनकार नहीं कर सकता।
