निठारी कांड के मामले में बरी हुए सुरेंद्र कोली की मौत के बाद शनिवार को उसके परिजन हरिद्वार पहुंचे। सुरेंद्र का शव हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। बेटे शिवम ने भावुक होकर कहा कि 20 साल बाद उसे पिता का प्यार नसीब हुआ था, लेकिन अब पिता ही नहीं रहे। इतना कहने के बाद शिवम चुप हो गया और आगे कुछ नहीं बोला।
सुरेंद्र कोली के भाई हरीश कोली, चंदन और आनंद के साथ उसका बेटा शिवम भी हरिद्वार पहुंचा। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल परिसर में मौजूद रहे। सुरेंद्र की एक बेटी और एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं, सुरेंद्र की पत्नी हरिद्वार नहीं आई।
परिवार के सदस्यों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और बातचीत करने से इनकार कर दिया। परिजनों में गुस्सा और चिंता दोनों नजर आई। उनका कहना था कि निठारी कांड की चर्चा दोबारा शुरू होने से उनके परिवार के सामने पुराना संकट खड़ा हो सकता है। परिवार के मुताबिक, उस घटना की छाप आज भी लोगों के जेहन में है और निठारी कांड ने उनका जीवन उजाड़ दिया था।
परिजनों को आशंका है कि सुरेंद्र कोली की मौत के बाद यदि निठारी कांड का मुद्दा दोबारा उछला तो पीड़ित परिवारों का पुराना दर्द और गुस्सा फिर सामने आ सकता है। इसी वजह से उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार किया। मीडिया की दखलअंदाजी को लेकर भी परिवार के लोगों ने नाराजगी जताई।
वहीं, अल्मोड़ा से हरिद्वार पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने जिला अस्पताल में परिजनों से मुलाकात की और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने सुरेंद्र कोली की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। रावत ने कहा कि मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर किसी साजिश की आशंका भी जताई और जांच के जरिए स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
नारायण सिंह रावत ने सुरेंद्र कोली की मौत को निठारी कांड से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने आत्महत्या की कहानी पर भी संशय जताते हुए मामले की गहराई से जांच की जरूरत बताई।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरेंद्र कोली के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी और इसके लिए चिकित्सकों की टीम तैयार है।
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर सुरेंद्र कोली का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
