उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चारधाम यात्रा के साथ-साथ प्रदेश के कई प्रमुख और पौराणिक मंदिरों में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जागेश्वर, त्रियुगीनारायण, धारी देवी, पूर्णागिरि, कैंची धाम और आदि कैलाश जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों पर पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंदिरों के विकास, सड़क संपर्क, पार्किंग, यात्री सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा है कि केदारखंड और मानसखंड मंदिरमाला मिशन के तहत प्राचीन मंदिरों का विकास तेजी से किया जा रहा है।
चारधाम यात्रा में अब तक 45.84 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं जनवरी से जून के बीच जागेश्वर धाम में 1.74 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 67,875 थी। त्रियुगीनारायण मंदिर में इस साल 3.40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो पिछले वर्ष के 1.36 लाख के मुकाबले लगभग ढाई गुना अधिक हैं। पूर्णागिरि धाम में जून तक 20.91 लाख श्रद्धालु पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 14.35 लाख था। धारी देवी मंदिर में भी इस बार 5.42 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 2.83 लाख रही थी।
कैंची धाम में भी आस्था का सैलाब देखने को मिला है। जनवरी से जून के बीच यहां 24.34 लाख श्रद्धालु पहुंचे, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। वहीं ऋषिकेश से सटे मुनिकीरेती, तपोवन और शिवपुरी क्षेत्र में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। इस वर्ष छह महीनों में करीब 15.97 लाख पर्यटक यहां पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 13.62 लाख थी। कार्तिक स्वामी और सुरकंडा देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
यमुनोत्री धाम ने भी इस वर्ष नया इतिहास रचा है। कठिन पैदल यात्रा के बावजूद 2 अगस्त तक यहां 6.55 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो धाम के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक संख्या है। इससे पहले वर्ष 2025 में 6.44 लाख, 2024 में 5.15 लाख और 2023 में 5.61 लाख श्रद्धालु यहां पहुंचे थे।
पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश धाम में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष यात्रा शुरू होने के दो महीनों के भीतर ही 52,441 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। हालांकि मानसून के कारण 1 जुलाई से यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद आदि कैलाश आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार कई गुना वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का विकास इसी दिशा में किए जा रहे प्रमुख प्रयास हैं।
