धार्मिक टिप्पणी को लेकर तनाव: बाजार चौकी क्षेत्र में भीड़ का हंगामा, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

देहरादून : सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सोमवार रात बाजार चौकी क्षेत्र में तनाव भड़क गया। सैकड़ों की संख्या में लोग चौकी के पास इकट्ठा हो गए और जमकर नारेबाजी की। भीड़ ने करीब डेढ़ घंटे तक सड़क को घेर रखा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और यातायात अवरोध जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
भीड़ में शामिल नाबालिग ने घर में घुसकर हमला करने की कोशिश की
हंगामे के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जब भीड़ में शामिल एक नाबालिग युवक अचानक पास के एक मकान में घुस गया और धार्मिक नारा लगाते हुए वहां मौजूद व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उस युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की हथेली में चोट लग गई।
पुलिस की कार्रवाई: एक नाबालिग हिरासत में, लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा गया
घटना के बाद पुलिस ने एक अन्य नाबालिग को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक भीड़ में उपद्रवी तत्वों की संख्या अधिक थी और स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि पुलिसकर्मियों को अपने सरकारी हथियारों की सुरक्षा करना तक मुश्किल हो गया था।
स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर किया। करीब 8 बजे शुरू हुआ यह तनाव 9:30 बजे तक जारी रहा।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, गश्त जारी
घटना के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और देर रात तक पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाकर लोगों को घरों में रहने और सड़क पर अनावश्यक जमावड़ा न लगाने की चेतावनी देती रहीं।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें
प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




