“ये चमक, ये दमक, फूलों में महक… सरकार तुम ही से है” – केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन के साथ गूंज उठी भक्ति की धुनें
मंत्रोच्चारण, ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा के बीच खुले बाबा केदार के कपाट
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
केदारनाथ धाम में आज शुक्रवार सुबह भक्ति, आस्था व उल्लास के अद्भुत संगम के साथ कपाटोद्घाटन की पावन बेला संपन्न हुई। मंदिर परिसर मंत्रोच्चारण, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की गूंज से अलौकिक वातावरण में नहाया रहा। श्रद्धालुओं के लिए बाबा केदारनाथ के कपाट विधिवत रूप से खोल दिए गए हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी अपनी धर्मपत्नी के साथ इस शुभ अवसर पर धाम में मौजूद रहे। कपाट खुलते ही सीएम ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कराई और ‘मुख्य सेवक भंडारे’ में प्रसाद वितरण कर अपनी आस्था प्रकट की। उन्होंने कहा, “केदारनाथ धाम अब संपूर्ण वैभव के साथ सज-संवर चुका है। चारधाम यात्रा अक्षय तृतीया के दिन 30 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है। अब दो दिन बाद भगवान बद्रीनाथ के कपाट भी खुल जाएंगे और यात्रा पूरी श्रद्धा और धूमधाम से भी चलेगी।”
सीएम ने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शासन, प्रशासन व पुलिस विभाग मुस्तैद हैं। 15,000 से अधिक यात्रियों के रात्रि प्रवास की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस शुभ अवसर के लिए केदारनाथ मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाटोद्घाटन की विधि मंदिर परंपराओं के अनुसार ब्रह्ममुहूर्त में की गई, जिसमें तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अनुष्ठान संपन्न भी कराया।
श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने जानकारी दी कि दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अब टोकन प्रणाली लागू कर दी गई है।
केदारनाथ की वादियों में गूंजती भक्ति की यह स्वर लहरियां श्रद्धालुओं को एक बार फिर दिव्य अनुभूति प्रदान कर रही हैं। कपाट खुलते ही बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भी लग गईं।




