विकासनगर: चलती यूटिलिटी में लगी आग, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान फायर टीम ने पाया काबू
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

विकासनगर | देहरादून जनपद के कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया। पराली से भरी चलती यूटिलिटी में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार दो लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि आग की चपेट में आने से गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड डाकपत्थर की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना जजरेड़ के समीप कालसी-चकराता रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK0CB-0265 विकासनगर से पराली लादकर गांव की ओर जा रहा था। अचानक चलते समय वाहन के पीछे लदी पराली में आग भड़क उठी।
“आग लगते ही हमने झटपट गाड़ी रोक दी और कूदकर अपनी जान बचाई,”
— चालक संजू पुत्र मुन्ना, निवासी मलोग।
वाहन में चालक संजू और उसका साथी राहुल पुत्र बज्जू निवासी जिसऊ, थाना कालसी सवार थे। दोनों सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर सहिया पुलिस चौकी और फायर सर्विस डाकपत्थर की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक यूटिलिटी वाहन पूरी तरह जल चुकी थी। कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया —
“वाहन पराली से भरा हुआ था। चलते समय किसी कारण से पीछे आग लग गई। फायर टीम की मदद से आग बुझा दी गई है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।”
इन दिनों पछुवा दून क्षेत्र में धान की कटाई पूरी हो चुकी है और किसान पशुओं के चारे के लिए पराली एकत्र कर रहे हैं। हर दिन कई यूटिलिटी और पिकअप वाहन पराली लेकर गांवों की ओर जाते देखे जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पराली अत्यधिक ज्वलनशील होती है, और छोटी सी चिंगारी या ब्रेक सिस्टम की गर्मी से भी आग लग सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं टाली जा सकें।




