रामनगर में युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी की कार को रोककर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया और गोपाल अधिकारी पर पत्थर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के दौरान आसपास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान फायरिंग होने की भी चर्चा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी अपनी कार संख्या UK 06 AW 7879 से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय से कोसी बैराज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका पीछा कर कार को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने ईंट से कार का शीशा तोड़ते हुए गोपाल अधिकारी पर पत्थर से हमला किया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोपाल अधिकारी को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही फायरिंग की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।