नैनीताल में पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए रक्षा संपदा की भूमि राज्य सरकार को देने का अनुरोध किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें राज्य की समस्त जनता की ओर से पुनः रक्षा मंत्रालय की ज़िम्मेदारी मिलने पर शुभकामनायें दीं है।
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से पर्यटन नगरी, नैनीताल में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को मद्देनज़र रखते हुए पार्किंग सुविधाओं के विकास के लिए नैनीताल में स्थित रक्षा सम्पदा विभाग की भूमि को राज्य सरकार को देने के लिए सहमति देने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नैनीताल विश्व में पर्यटन ही नहीं वरन् धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान हो गया है।
जिला नैनीताल में विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम ‘श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढोत्तरी हो रही है। कैंची धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालु नैनीताल या नैनीताल के आस पास ही रुकते हैं।
नैनीताल में पार्किंग व्यवस्था के काफी हद्द तक समाधान के लिए मुख्य रूप से यह विकल्प तलाशा गया कि नैनीताल नगर में नैनी झील से 02 कि.मी. की दूर रक्षा सम्पदा विभाग की ज़मीन है, जिसका पूरा क्षेत्रफल 03 एकड़ है।
अगर इस भूमि को पार्किंग के लिए उपलब्ध कराया जाता है। तो नैनीताल में काफी हद्द तक पार्किंग की समस्या सुलझ जायगी। इस स्थान को यदि बहुमंजिला पार्किंग के रूप में विकसित किया जाय, तो इसमें करीब 1500-2000 तक वाहन पार्क हो जायेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को यथा संभव सहयोग देने के लिए आश्वस्त किया।




