बीजेपी बाबा साहब अंबेडकर की जयंती को जनजागृति कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य रूप से मनाएगी, 25 अप्रैल तक चलेगा आयोजन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देहरादून– भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को विचार गोष्ठी, संविधान प्रस्तावना सामूहिक पाठ और अन्य जनजागृति कार्यक्रमों के माध्यम से वृहद स्तर पर मनाने जा रही है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश स्तरीय कमेटी को इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेंगे, जिनमें अंबेडकर के व्यक्तित्व, कृतित्व, उनके साथ हुए राजनैतिक अन्याय और उनके विचारों के वर्तमान पुनर्स्थापना कालखंड पर तुलनात्मक चर्चा की जाएगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर पार्टी, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनकी जयंती भव्य रूप से मनाने जा रही है। इस संदर्भ में प्रदेश स्तरीय एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें राजेन्द्र बिष्ट (प्रदेश महामंत्री), मुकेश कोली (प्रदेश उपाध्यक्ष), समीर आर्य (प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा) और अजीत चौधरी (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य) शामिल हैं। यह कमेटी कार्यक्रमों की देखरेख करेगी।
चौहान ने बताया कि इन कार्यक्रमों के दौरान विचार गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गोष्ठियों का मुख्य उद्देश्य बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा करना और संविधान की मजबूती के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। इस दौरान यह भी बताया जाएगा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को उनके जीवन के विभिन्न पड़ावों पर अपमानित किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। साथ ही, कांग्रेस की संविधान विरोधी गतिविधियों को उजागर करते हुए बताया जाएगा कि किस तरह उन्होंने अपनी सरकारों में संविधान के प्रावधानों को कमजोर किया और आज भी ऐसी साजिशों को सफल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
13 से 25 अप्रैल तक के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए चौहान ने कहा कि 13 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की मूर्तियों की सफाई, परिसर सजावट और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 14 अप्रैल को उनकी मूर्तियों पर माल्यार्पण और मिष्ठान वितरण के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों और अनुसूचित जाति बस्तियों के स्कूलों में पेयजल सुविधा, सफाई और सामुदायिक सुविधाओं का रखरखाव किया जाएगा।
इसके बाद, 15 से 25 अप्रैल तक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के अनुसूचित जाति महासंघ और बाबा साहेब के भाषणों पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों के नेताओं के साथ कम से कम दो सत्रों में किया जाएगा।
कार्यक्रमों की तैयारी के सिलसिले में 12 अप्रैल को देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरटीडीसी ऑडिटोरियम में एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।




