सितारगंज: कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ऊधमसिंह नगर के सितारगंज स्थित राजकीय गार्डन व पौधालय का औचक निरीक्षण भी किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप ही मच गया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर कर्मचारियों की मौजूदगी व कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उद्यान में तैयार की जा रही विभिन्न नर्सरियों को बारीकी से देखा और पौध उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि यहां आम, लीची और अमरूद की उन्नत प्रजातियां विकसित की जा रही हैं, जिनमें अमरूद की एल-49 प्रजाति के करीब 3 हजार पौधे तैयार किए गए हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि बागवानी क्षेत्र में गुणवत्ता व आधुनिक तकनीकों का उपयोग बेहद जरूरी है, ताकि किसानों को बेहतर पौधे मिल सकें और उनकी आय में बढ़ोतरी भी हो। उन्होंने अधिकारियों को पौध उत्पादन को और प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीक अपनाने के निर्देश भी दिए।