देहरादून: विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतिनियुक्ति व अटैचमेंट पर तैनात शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की मूल तैनाती पर वापसी के निर्देश भी दिए हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को एक सप्ताह के भीतर पूरी सूची शिक्षा महानिदेशक को भेजने को भी कहा गया है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि 3 वर्ष से अधिक समय से प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कार्मिकों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। जिनकी तैनाती आवश्यक नहीं पाई जाएगी, उन्हें उनके मूल विद्यालय या कार्यालय में वापस भी भेजा जाएगा। हालांकि दिव्यांग व विशेष परिस्थितियों में अटैच किए गए कर्मचारियों को राहत भी दी जाएगी।

डॉ. रावत ने कहा कि कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी की शिकायतें मिल रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी विभिन्न कार्यालयों या अन्य विभागों में तैनात हैं। ऐसे में उनकी वापसी से स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी व छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

उन्होंने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर सटीक व प्रमाणिक जानकारी देने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही या तथ्य छिपाने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।