हरिद्वार: शहर के व्यस्त इलाके रानीपुर मोड़ पर देर रात कार को ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला करने लगे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कार को ओवरटेक करने को लेकर हुई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई और सड़क पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चलने लगे।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों और व्यापारियों में दहशत फैल गई। सड़क पर हंगामा बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।

पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मारपीट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के मुताबिक, पुलिस को रानीपुर मोड़ पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस जांच के दायरे में है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।