चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में नेपाल सीमा के पास पुलिस ने नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने जंगल में चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में 24 अक्टूबर 2026 को एसओजी चंपावत की टीम नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 805/01 के पास जंगल में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने बनबसा क्षेत्र के पम्पापुर निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तराखंड से मुंबई तक दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा मुंबई में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि नेपाल सीमा पर एसओजी और एसएसबी के संयुक्त अभियान में गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पूछताछ में सामने आया नेपाल कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने नेपाल के झलारी, महेंद्रनगर निवासी रवि बासा के साथ स्मैक के कारोबार में शामिल होने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से बरामद स्मैक नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से प्राप्त की गई थी और वह इसे लेकर नेपाल वापस जा रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है। चंपावत पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
