अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट विधानसभा में कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में परिवर्तन शंखनाद रैली निकाली गई। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया। वहीं, कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली रैली
परिवर्तन शंखनाद रैली घटगाड़ पुल से शुरू हुई और ढोल-नगाड़ों व पार्टी के नारों के बीच द्वाराहाट चौराहे से होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस में शामिल हुए नए सदस्यों का पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक मदन सिंह बिष्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया।
गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने की पैरवी की। उन्होंने कहा कि अगर वर्ष 2017 में कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती, तो गैरसैंण को स्थायी राजधानी बना दिया गया होता। उन्होंने प्रदेश के हितों और राजधानी के मुद्दे पर फिर से संघर्ष करने की जरूरत बताई।
हरीश रावत ने महिला अपराध और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है। साथ ही उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया।
भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से लोग परेशान हैं, इसी वजह से परिवर्तन शंखनाद रैली का आयोजन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में विकास के नाम पर खास काम नहीं हुआ।
उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और आम लोगों को आधार कार्ड व बैंक केवाईसी जैसी प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। साथ ही प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिला, तो वह प्रदेश में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामलों को सदन में उठाएंगे।
रैली के जरिए कांग्रेस ने द्वाराहाट में आगामी चुनावों से पहले अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश दिया। वहीं, जनसभा में उठाए गए मुद्दों के जरिए पार्टी ने प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की।
