देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक वरिष्ठ पत्रकार को आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई।

दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता

सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक में पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई। इसके अलावा गंभीर बीमारी से पीड़ित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी पांच लाख रुपये की सहायता देने की सिफारिश की गई।

चार वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 8,000 रुपये पेंशन देने की संस्तुति भी की गई। बैठक में विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।

पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध सरकार

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को समय पर सहायता मिल सके।

बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पांडेय और पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा तथा शशि शर्मा उपस्थित रहे।