देहरादून में एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार ही जारी है। इसी क्रम में बुधवार को कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे छह अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन अभियुक्तों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने समेत अन्य अनियमितताएं मिलने पर 37 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इन पर कुल 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे आठ व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस उनसे आवश्यक पूछताछ कर रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
