अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया, जब प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज एक महिला ने एसडीएम कोर्ट में जमकर हंगामा किया और आत्महत्या करने की धमकी दी। स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला का पहले से एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। दोनों अपने-अपने जीवनसाथी को छोड़कर साथ रहने लगे थे और गुरुग्राम में रह रहे थे। कुछ दिन पहले युवक अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया और पहली पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। इससे नाराज महिला ने मंगलवार सुबह एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और महिला को सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग की गई। हालांकि, दोपहर में महिला दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंच गई और एसडीएम कोर्ट में हंगामा करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जबकि युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
