नैनीताल जिले के रामनगर में दीपावली पर जलाए गए पटाखों की चिंगारी से बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। खताड़ी क्षेत्र के चुना भट्टा इलाके में देर रात एक आरा मशीन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आरा मशीन का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग मुख्य रूप से आरा मशीन में रखे लकड़ी के बुरादे और वेस्टेज में लगी थी। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों से निकली चिंगारी आग लगने की वजह हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फायर अधिकारी गोपाल सिंह रावत के मुताबिक, सूचना मिलते ही दमकल वाहन को मौके पर भेजा गया था। आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल आरा मशीन को हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना में आरा मशीन को भारी आर्थिक नुकसान होने की सूचना है। वहीं, दीपावली के दौरान पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
