बागेश्वर जिले के हड़बाड़ गांव की देबुली देवी ने रविवार शाम आपदा राहत शिविर में अंतिम सांस ली। पिछले साल भूस्खलन में घर टूटने के बाद से वह राहत शिविर में रह रही थीं। उनका पक्का मकान बनने की उम्मीद अधूरी रह गई और वह दुनिया से विदा हो गईं। दीपावली के दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उम्रजनित समस्याओं के चलते वह पिछले कई दिनों से बीमार थीं। सोमवार को सरयू नदी किनारे घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

देबुली देवी की मौत ने राहत शिविर में रह रहे अन्य प्रभावित परिवारों की चिंता और नाराजगी बढ़ा दी है। ग्राम प्रधान मनोज हुलेरिया के अनुसार, देबुली देवी के बेटे कुंदन सिंह और बहू कमला देवी समेत सात परिवार अब भी सरकारी राहत शिविर में रहने को मजबूर हैं। हड़बाड़ गांव की टूटी सड़कें, क्षतिग्रस्त मकान और खिसकती जमीन आज भी पिछले साल आई आपदा की भयावहता बयां कर रहे हैं।

एक साल बाद भी नहीं मिला स्थायी ठिकाना

हड़बाड़ गांव में 13-14 अगस्त की रात भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से सात परिवार बेघर हो गए थे। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए, जबकि कुछ पूरी तरह ढह गए। खेतों को भी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद प्रभावित परिवारों को गांव के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन में ठहराया गया। प्रशासन ने जल्द पुनर्वास का भरोसा दिया था, लेकिन एक साल बाद भी परिवारों को स्थायी आवास नहीं मिल सके हैं।

पुनर्वास के लिए बन रहे मकानों में आई दरारें

प्रभावित परिवारों को इस साल बारिश से पहले नए घर मिलने की उम्मीद थी। पांच परिवारों के मकानों का निर्माण शुरू भी हुआ, लेकिन पहली बारिश में ही चार निर्माणाधीन मकानों के आंगन और दीवारों में दरारें आ गईं। इससे पुनर्वास की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। प्रशासन का दावा है कि निर्माण से पहले जमीन की भूगर्भीय जांच कराई गई थी। इसके बावजूद गांव के भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में होने के कारण निर्माण के दौरान दिक्कतें सामने आईं।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि हड़बाड़ के आपदा प्रभावितों का विस्थापन प्राथमिकता में है। इस साल बनाए जा रहे आवासों में आई दिक्कतों के कारण काम प्रभावित हुआ था, जिसे दूर कर लिया गया है। प्रशासन ने जल्द ही सभी आवास तैयार करने का भरोसा दिया है।