हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लगातार दूसरे दिन अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को लक्सर-रायसी के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 45 से 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मुरादाबाद रेलवे कंट्रोल रूम से पुलिस को सूचना मिली कि लक्सर और रायसी के बीच खंभा नंबर 19 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है।

गौरतलब है कि सोमवार को लक्सर क्षेत्र के डोसनी रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था। लगातार दो दिनों में दो शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के मुताबिक, दोनों मामलों में मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है।