देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा कर तिलक लगाया और फूलों की माला पहनाई। साथ ही प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है। गायों का संरक्षण और संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। ऐसे पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के महत्व का एहसास कराते हैं।